हल्द्वानी: हल्द्वानी में इस साल राष्ट्रीय स्तर का सरस मेला आयोजित होने जा रहा है। मेले की तैयारियों को लेकर मंगलवार को विकास भवन भीमताल में समीक्षा बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मेले से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं तय समय सीमा के भीतर पूरी करने के निर्देश दिए।
राष्ट्रीय सरस मेला 2026-27 का आयोजन 24 नवंबर से 3 दिसंबर तक एमबी इंटर कॉलेज मैदान हल्द्वानी में प्रस्तावित है। मेले में देशभर से स्वयं सहायता समूहों के प्रतिभागी पहुंचेंगे। आयोजन के दौरान करीब 250 स्टॉल लगाए जाएंगे।
समीक्षा बैठक में मेले के दौरान सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, चिकित्सा सुविधा, अग्निशमन, पेयजल, बिजली, साफ-सफाई और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और निर्धारित समय में व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए।
सीडीओ ने मेले के लिए एक कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिए। इसमें विद्युत विभाग, लोक निर्माण विभाग, जल संस्थान, पुलिस, फायर और वन विभाग समेत अन्य जरूरी विभागों के अधिकारियों की तैनाती की जाएगी।
उन्होंने मेले में आने वाले अतिथियों के लिए निमंत्रण पत्र और ई-कार्ड तैयार कराने के भी निर्देश दिए।
बैठक में मेले से संबंधित सभी टेंडर प्रक्रिया 30 अक्टूबर से पहले पूरी करने को कहा गया है। पुलिस और परिवहन विभाग को सुरक्षा एवं पार्किंग की कार्ययोजना तैयार करने की जिम्मेदारी दी गई है। स्वास्थ्य विभाग को मेला स्थल पर चिकित्सा शिविर के साथ एंबुलेंस की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं जल संस्थान और विद्युत विभाग को मेले के दौरान निर्बाध पेयजल और बिजली व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
नगर निगम हल्द्वानी को मेला स्थल पर सफाई और कचरा प्रबंधन की जिम्मेदारी दी गई है। पर्यटन और संस्कृति विभाग मेले में आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करेगा।
मेले के प्रचार-प्रसार के लिए जिला सूचना अधिकारी को नोडल अधिकारी बनाया गया है।
सीडीओ अरविंद कुमार पांडे ने कहा कि सरस मेला जिले का महत्वपूर्ण राष्ट्रीय आयोजन है। ऐसे में सभी विभागों को अपने-अपने जिम्मे की तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी करनी होंगी। मेले की तैयारियों की नियमित समीक्षा भी की जाएगी।



