नैनीताल। कैंचीधाम क्षेत्र में मंगलवार तड़के एक दूध पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में वाहन सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने के बाद कैंचीधाम पुलिस ने एसडीआरएफ और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर रेस्क्यू अभियान चलाया और तीनों घायलों को खाई से सुरक्षित बाहर निकाला।
पुलिस के अनुसार 6 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 5 बजे एक स्थानीय व्यक्ति ने कैंची मंदिर क्षेत्र में केरल ढाबे के पास सड़क से करीब 100 से 150 मीटर नीचे नदी के समीप एक वाहन की लाइट जलती देखी। वाहन के खाई में गिरने की आशंका पर उसने इसकी सूचना कैंचीधाम पुलिस चौकी को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ व स्थानीय लोगों के सहयोग से खाई में सर्च अभियान शुरू किया। तलाशी के दौरान दूध पिकअप वाहन संख्या UK04 CC 3465 नदी के पास गहरी खाई में मिला। वाहन में तीन लोग फंसे हुए थे।
पुलिस और रेस्क्यू टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद तीनों घायलों को वाहन से बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवाली भेजा गया, जहां उनका उपचार कराया जा रहा है।
अंकित सिंह (33) पुत्र स्व. सतपाल सिंह, निवासी बड़ी मंडी, सनी बाजार रोड, हल्द्वानी — वाहन चालक।
बॉबी (22) पुत्र ओम प्रकाश, निवासी बड़ी मंडी, सनी बाजार रोड, हल्द्वानी।
मोहम्मद साकिब (11) पुत्र नफीस अहमद, निवासी हल्द्वानी।
रेस्क्यू अभियान में चौकी प्रभारी कैंचीधाम उपनिरीक्षक विजय कुमार, अपर उपनिरीक्षक विजय कुमार, कांस्टेबल विनोद यादव और कांस्टेबल महेश गोस्वामी शामिल रहे।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई और एसडीआरएफ व स्थानीय लोगों के सहयोग से तीनों घायलों को समय रहते खाई से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के बाद पुलिस मामले की आवश्यक कार्रवाई में जुटी है।



