हल्द्वानी: इंटरनेट मीडिया पर रील बनाने और सुर्खियां बटोरने के चक्कर में लोग अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डालने से बाज नहीं आ रहे हैं। ऐसा ही एक मामला काठगोदाम कोतवाली क्षेत्र के हैड़ाखान रोड से सामने आया है, जहां एक युवक ने युवती को बुलेट की टंकी पर उल्टा बैठाकर तेज रफ्तार में बाइक दौड़ाई।
इस खतरनाक स्टंट का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई है। काठगोदाम पुलिस ने वीडियो के आधार पर बाइक सवार युवक और युवती की पहचान कराने के साथ उनकी तलाश शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस से मामले में कार्रवाई की मांग की है।
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि युवक तेज रफ्तार में बुलेट चला रहा है, जबकि युवती बाइक की टंकी पर उल्टी दिशा में बैठी हुई है। दोनों इसी तरह सड़क पर बाइक चलाते हुए नजर आ रहे हैं।
वीडियो सामने आने के बाद हैड़ाखान गांव के स्थानीय लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। ग्रामीणों का कहना है कि सार्वजनिक सड़क पर इस तरह बाइक चलाना यातायात नियमों का उल्लंघन है और इससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थानीय लोगों ने पुलिस से वीडियो के आधार पर युवक-युवती की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।
काठगोदाम कोतवाल जसवीर सिंह चौहान ने बताया कि वीडियो पुलिस के संज्ञान में आया है। वीडियो के आधार पर बुलेट और उसमें सवार युवक-युवती की पहचान कराई जा रही है।
उन्होंने बताया कि पहचान होने के बाद मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की कार्रवाई के बाद अब यह देखना होगा कि वीडियो में दिखाई दे रहे युवक और युवती की पहचान कब होती है और उनके खिलाफ यातायात नियमों के उल्लंघन को लेकर क्या कार्रवाई की जाती है।



