हल्द्वानी: बाबा नीम करौरी की महिमा पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ के बाद नैनीताल जिले के प्रसिद्ध कैंची धाम में श्रद्धालुओं की बढ़ती आमद ने पहाड़ की यातायात व्यवस्था पर दबाव बढ़ा दिया है। वीकेंड पर श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने 10 और 11 अक्टूबर के लिए कैंची धाम, भवाली और भीमताल क्षेत्र में विशेष ट्रैफिक और डायवर्जन प्लान लागू किया है। इसके तहत भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी, जबकि निजी वाहनों को निर्धारित पार्किंग में खड़ा कर श्रद्धालुओं को शटल सेवा से मंदिर तक पहुंचाया जाएगा।
यातायात प्लान के अनुसार, सुबह 3 बजे से रात 11 बजे तक सभी प्रकार के भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे वाहनों को जिले की सीमा पर ही रोका जाएगा।
वहीं, केमू बसों, निजी बसों और चौपहिया वाहनों के लिए सुबह 5 बजे से रात 8 बजे तक निर्धारित रूट लागू रहेंगे। पुलिस प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले अपने रूट की जानकारी जरूर ले लें।
अल्मोड़ा, जागेश्वर, बागेश्वर और पिथौरागढ़ से मैदानी क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहनों को लमगड़ा, धानाचूली, धारी, खुटानी बैंड और भीमताल के रास्ते भेजा जाएगा।
रानीखेत से मैदानी क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहन क्वारब, ओड़ाखान, रामगढ़ और खुटानी बैंड होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
हल्द्वानी और काठगोदाम से पहाड़ी क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहनों को भीमताल के खुटानी बैंड से धारी और धानाचूली बैंड के रास्ते डायवर्ट किया जाएगा।
वहीं, काठगोदाम से रानीखेत जाने वाले वाहन खुटानी से मुक्तेश्वर और रामगढ़ होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। ऐसे में पहाड़ की ओर यात्रा करने वाले लोगों को अतिरिक्त समय लेकर निकलने की सलाह दी गई है।
कैंची धाम आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के वाहनों के लिए भी पार्किंग व्यवस्था निर्धारित की गई है। भीमताल की ओर से आने वाले निजी वाहन विकास भवन पार्किंग में खड़े कराए जाएंगे, जबकि गेठिया और नैनीताल की ओर से आने वाले पर्यटकों के वाहन भवाली सैनिटोरियम पार्किंग में पार्क होंगे।
इन पार्किंग स्थलों से श्रद्धालुओं को स्थानीय शटल सेवा के माध्यम से कैंची धाम मंदिर तक पहुंचाया जाएगा। इससे मंदिर क्षेत्र में वाहनों का दबाव कम करने और यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने में मदद मिलने की उम्मीद है।
वीकेंड के दौरान कैंची धाम क्षेत्र और नैनीताल में टैक्सी तथा दोपहिया वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। पुलिस प्रशासन ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से निर्धारित डायवर्जन प्लान का पालन करने की अपील की है।
प्रशासन का उद्देश्य वीकेंड पर संभावित भीड़ के बीच जाम की स्थिति से बचना और श्रद्धालुओं की यात्रा को सुचारु बनाए रखना है। ऐसे में कैंची धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को सलाह दी गई है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले निर्धारित रूट और पार्किंग व्यवस्था की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।



