गुलदार का खौफ
नैनीताल/गरमपानी: नैनीताल जिले के बेतालघाट क्षेत्र के चापड़ गांव में मंगलवार रात रामलीला देखकर बाइक से घर लौट रहे दो किशोरों पर तेंदुए ने हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से बाइक असंतुलित होकर सड़क पर गिर गई। दोनों किशोरों ने हिम्मत दिखाते हुए शोर मचाया और पत्थर मारकर तेंदुए को जंगल की ओर भगाया। हमले में घायल दोनों किशोरों को बेतालघाट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार दिया गया। उपचार के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
जानकारी के अनुसार, राहुल कुमार (16) और अनुज कुमार (16) मंगलवार रात करीब 11 बजे रामलीला देखकर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान चापड़ के पास अचानक तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया। हमले के दौरान बाइक असंतुलित होकर सड़क पर गिर गई।
दोनों किशोरों ने शोर मचाकर और पत्थर मारकर तेंदुए का सामना किया। उनके विरोध के बाद तेंदुआ जंगल की ओर भाग गया। घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल किशोरों को उपचार के लिए बेतालघाट सीएचसी पहुंचाया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद बुधवार को रानीखेत वन विभाग की टीम चापड़ गांव पहुंची। वन क्षेत्राधिकारी तापस मिश्रा ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी ली।
वन विभाग बृहस्पतिवार को क्षेत्र में ट्रैप कैमरे लगाएगा। इसके साथ ही वन कर्मियों की टीम इलाके में लगातार गश्त कर रही है, ताकि तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।
वन विभाग की ओर से ग्रामीणों से रात के समय अकेले बाहर नहीं निकलने और वन्यजीव दिखाई देने पर तत्काल विभाग को सूचना देने की अपील की गई है। हमले में घायल दोनों किशोरों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। वन विभाग की ओर से घायलों को मुआवजा देने की कार्रवाई भी की जा रही है।



