बेतालघाट, 27 नवंबर। ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को स्थायी बनाने और स्थानीय लोगों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से बेतालघाट में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। एस.एम. सहगल फाउंडेशन और एचडीएफसी बैंक परिवर्तन परियोजना के संयुक्त सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में 40 गांवों के 120 किसानों ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम के तहत ग्रामीणों को परियोजना के माध्यम से विकसित विभिन्न सुविधाओं और गतिविधियों के संचालन, रखरखाव एवं प्रबंधन की जिम्मेदारी सौंपने पर जोर दिया गया। इसका उद्देश्य गांवों में सामुदायिक स्वामित्व की भावना विकसित करना और विकास कार्यों को लंबे समय तक सुचारू रूप से संचालित करना है।
इस दौरान किसानों को विभिन्न विकास गतिविधियों के मॉडल प्रदर्शित कर उनकी उपयोगिता और कार्यप्रणाली की जानकारी दी गई। ग्रामीणों को बताया गया कि सामूहिक सहभागिता और नियमित देखरेख से गांव में विकसित संसाधनों का बेहतर उपयोग किया जा सकता है।
कार्यक्रम में उद्यान विभाग के जे.एस. देवल और वर्षा थापा, ग्राम उद्यान से महेश पुरी, ग्राम विकास अधिकारी देवेंद्र कुमार, एनआरएलएम आजीविका से महेश पुरी, बिजनेस प्रमोटर अनीता जलाल तथा स्वास्थ्य विभाग से तृप्ति और सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी अंजली मौजूद रहीं।
वहीं एस.एम. सहगल फाउंडेशन की ओर से एन.पी. सिंह, आकांक्षा, मेघ, सौरभ महंता सहित अन्य टीम सदस्य तथा एचडीएफसी बैंक के प्रतिनिधियों ने भी सहभागिता की।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं, स्वास्थ्य सेवाओं, आजीविका के अवसरों और विभागीय सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने ग्रामीणों से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने और विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। साथ ही फाउंडेशन की ओर से क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि किसी भी विकास परियोजना की सफलता केवल निर्माण कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि उसकी वास्तविक सफलता उसके नियमित संचालन और संरक्षण में है। इसके लिए ग्रामीणों की भागीदारी और सामूहिक जिम्मेदारी बेहद जरूरी है।
ग्रामीणों से अपील की गई कि परियोजना के तहत विकसित सभी सुविधाओं को अपनी सामुदायिक संपत्ति मानते हुए उनके रखरखाव और संरक्षण की जिम्मेदारी निभाएं।
यह पहल बेतालघाट क्षेत्र के गांवों में सामुदायिक नेतृत्व को मजबूत करने, विकास कार्यों की निरंतरता बनाए रखने और ग्रामीणों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास मानी जा रही है।



