हल्द्वानी, 28 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के तहत आपदा प्रबंधन दिवस के अवसर पर शनिवार को नैनीताल जिले में व्यापक स्तर पर मॉक ड्रिल आयोजित की गई। जिले की विभिन्न तहसीलों में 14 स्थानों पर हुए इस अभ्यास के दौरान भूकंप, आग लगने, भगदड़, रासायनिक रिसाव और अन्य आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखा गया।
मॉक ड्रिल के तहत बीडी पांडे जिला चिकित्सालय नैनीताल में भूकंप की स्थिति, रामदत्त जोशी जिला चिकित्सालय रामनगर में शॉर्ट सर्किट से आग लगने, हल्द्वानी के वॉक-वे मॉल में भूकंप के बाद अफरा-तफरी और अग्निकांड का परिदृश्य तैयार किया गया। वहीं जमरानी बांध में सुरंग के भीतर चट्टान टूटने और जलभराव, लालकुआं स्थित पेपर मिल में रासायनिक पदार्थों के रिसाव तथा कैंचीधाम मंदिर परिसर में भगदड़ जैसी परिस्थितियों में बचाव अभियान चलाने का अभ्यास किया गया।
इसके अलावा कालाढूंगी, कसियालेख, गरगड़ी, खैरना, नथुवाखान, भवाली और रामनगर व हल्द्वानी के विभिन्न विद्यालयों में भी भूकंप से उत्पन्न आपात परिस्थितियों को लेकर अभ्यास किया गया।
अभियान में पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन, राजस्व, लोक निर्माण, विद्युत, परिवहन और नगर निकायों सहित कई विभागों की टीमों ने हिस्सा लिया। संबंधित उपजिलाधिकारियों और तहसील स्तरीय इंसिडेंट रिस्पॉन्स सिस्टम की निगरानी में राहत एवं बचाव कार्य संचालित किए गए।
अभ्यास के दौरान आपदा प्रभावित क्षेत्रों में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने, घायलों को प्राथमिक उपचार देने, अस्पताल पहुंचाने और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की प्रक्रिया का परीक्षण किया गया। साथ ही विभिन्न विभागों के बीच आपसी तालमेल और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की क्षमता का भी आकलन किया गया।
पूरी मॉक ड्रिल की ऑनलाइन मोबाइल लाइव स्ट्रीमिंग के जरिए निगरानी की गई। इसके माध्यम से अलग-अलग स्थानों पर चल रहे राहत एवं बचाव अभियानों की समीक्षा की गई, ताकि आपदा के समय व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाया जा सके।
मॉक ड्रिल के समापन पर आयोजित डिब्रीफिंग में अपर जिलाधिकारी सौरभ असवाल ने कहा कि आपदा प्रबंधन में सुधार की संभावनाएं हमेशा बनी रहती हैं। उन्होंने कहा कि अभ्यास के दौरान टीमों का रिस्पॉन्स टाइम संतोषजनक रहा, लेकिन वास्तविक आपदा के समय इससे भी कम समय में कार्रवाई सुनिश्चित करनी होगी, ताकि प्रभावित लोगों को तत्काल राहत और बचाव उपलब्ध कराया जा सके।
इस दौरान जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र में एसपी संचार रेवाधर मठपाल, उपजिलाधिकारी डॉ. अमृता सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी मनोज बर्मन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



