नैनीताल: नैनीताल जिले के भीमताल क्षेत्र के मलुवाताल स्थित कसैला तोक गांव से ऐसा ही एक दिल दहला देने वाला वीडियो सामने आया है। यहां 66 वर्षीय बीमार महिला गंगा देवी को ग्रामीणों ने डोली के सहारे उफनती नदी और ऊबड़-खाबड़ पहाड़ी रास्तों से पार कराकर अस्पताल तक पहुंचाया।
ग्रामीणों ने पहले गंगा देवी को डोली में घर से नदी तक लाया, फिर अपनी जान जोखिम में डालकर उफनाई गौला नदी पार की और उसके बाद कई किलोमीटर पैदल चलकर मुख्य सड़क मार्ग तक पहुंचे। वहां से महिला को हल्द्वानी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। बरसात के मौसम में इस नदी को डोली के साथ पार करना किसी जानलेवा चुनौती से कम नहीं।
गांव के लोगों का कहना है कि बरसात के दौरान नदी में ज्यादा पानी आने से बीमार, प्रसव पीड़ित महिलाओं और बुजुर्गों को समय पर इलाज नहीं मिल पाता, जिससे कई बार मौत तक हो जाती है। यही नहीं, गांव के बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित होती है और उन्हें मजबूरन शहर में रहकर पढ़ाई करनी पड़ती है।
स्थानीय ग्रामीणों और पूर्व प्रधानों ने बताया कि हर बार किसी मरीज को डोली के सहारे ही मुख्य मार्ग तक पहुंचाया जाता है। उन्होंने सरकार और प्रशासन से गांव तक सड़क और पुल बनाने की मांग की है, ताकि लोगों को इस जानलेवा परेशानी से राहत मिल सके। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर हालात नहीं सुधरे, तो पलायन ही गांव का भविष्य बन जाएगा।
