नैनीताल: मल्लीताल क्षेत्र के मोहन चौराहे पर बुधवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। ओल्ड लंदन हाउस नामक लकड़ी के पुराने मकान में अचानक आग भड़क उठी, जिसने कुछ ही मिनटों में पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। इस दर्दनाक हादसे में घर के भीतर मौजूद 85 वर्षीय शानो देवी की मौके पर ही मौत हो गई।
आग लगते ही इलाके में अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। थोड़ी ही देर में दमकल की गाड़ियां, पुलिस, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गईं। करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
डीएम ने जानकारी देते हुए बताया की हल्द्वानी, रामनगर, भवाली, भीमताल, रुद्रपुर, अल्मोड़ा, रानीखेत और सितारगंज से अतिरिक्त फायर टेंडर और जल टैंकर बुलाए गए। आर्मी और एयरफोर्स के अग्निशमन वाहन भी राहत कार्य में शामिल हुए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय मकान में महिला और उनका बेटा ही रहते थे। संयोगवश बेटा उस समय घर से बाहर था, जिससे उसकी जान बच गई। वहीं शानो देवी भीतर ही फंस गईं और बाहर नहीं निकल पाईं।
बताया जा रहा है कि लकड़ी से बने होने के कारण आग बेहद तेजी से फैल गई और घर के साथ सारा सामान जलकर राख हो गया। शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर जिला अस्पताल भेज दिया है।
आईजी रिद्धि अग्रवाल ने बताया कि अगर दमकल और पुलिस समय पर नहीं पहुंचते तो आसपास की दुकानें भी इसकी चपेट में आ सकती थीं। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में देर रात तक हड़कंप का माहौल बना रहा।
