ऊधमसिंहनगर: उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले में 19 वर्षीय युवती से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, देर रात चेकिंग के दौरान बाइक सवार तीनों संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया। इस दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में मुख्य आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने तीनों को दबोच लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। घायल आरोपी का पुलिस सुरक्षा के बीच अस्पताल में इलाज चल रहा है
ऐसे हुई वारदात
पुलिस के अनुसार, पीड़िता गढ़वाल क्षेत्र की रहने वाली है और रुद्रपुर स्थित सिडकुल की एक कंपनी में कार्यरत है। शनिवार रात वह अपनी एक सहेली और दो दोस्तों के साथ भूरारानी रोड पर मौजूद थी। इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे और चारों को रोककर उनके साथ मारपीट करने लगे।
आरोप है कि तीनों युवक जबरन चारों को अपने साथ ले जाने लगे। रास्ते में मौका मिलते ही पीड़िता की सहेली और एक युवक चलती बाइक से कूदकर भाग निकले, जबकि पीड़िता और उसका दूसरा साथी आरोपियों के कब्जे में रह गए। इसके बाद आरोपियों ने युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। देर रात हुई मुठभेड़ के बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।
