नैनीताल: बाबा नीब करौरी महाराज के जीवन पर बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ की सफलता से उत्साहित फिल्म की टीम सोमवार सुबह कैंची धाम पहुंची। फिल्म के मुख्य अभिनेता शोभिनव सत्या ने अपनी टीम के साथ बाबा के दर्शन किए और मंदिर में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया।
सुबह करीब सात बजे मंदिर पहुंचे शोभिनव सत्या आरती में भी शामिल हुए। इस दौरान मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया और उन्हें मंदिर में बाबा के दर्शन कराए।
कैंची धाम पहुंचने के बाद शोभिनव सत्या ने रविवार को खटीमा में आयोजित उत्तराखंड आदि रंगोत्सव कार्यक्रम का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में पहुंचकर उन्हें उत्तराखंड की संस्कृति के अलग-अलग रंग देखने को मिले।
सत्या ने कहा कि उन्होंने पहली बार जनजातीय नृत्य, पारंपरिक वाद्ययंत्र और नगाड़े बजते हुए देखे। उन्होंने इसे बेहद अच्छा अनुभव बताया।
अभिनेता ने कहा कि उन्हें अच्छा लगा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें कार्यक्रम में बुलाया और सम्मानित किया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने उनके साथ डांस भी किया।
सत्या ने कहा कि मुख्यमंत्री की ओर से उनकी फिल्म ‘हनुमान अंश’ को टैक्स फ्री किया गया है। उनके अनुसार, फिल्म भारतीय संस्कृति से जुड़ी हुई है और यह कदम संस्कृति के प्रति प्रेम को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि जब संस्कृति आगे बढ़ती है तो विकास भी होता है।
शोभिनव सत्या ने उत्तराखंड को देवभूमि बताते हुए कहा कि यहां कई पवित्र धार्मिक स्थल हैं। उन्होंने केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री के साथ कैंची धाम का भी उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की हवा और यहां का माहौल उन्हें काफी अच्छा लगा। सत्या ने लोगों से देवभूमि उत्तराखंड आने का आह्वान भी किया।
अभिनेता शोभिनव सत्या ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यों की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि युवा मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड में अच्छा विकास कार्य किया है और व्यवस्था को भी बेहतर किया है। उन्होंने ‘हनुमान अंश’ फिल्म को आगे बढ़ाने में सहयोग और समर्थन देने के लिए लोगों का धन्यवाद भी किया।
फिल्म की टीम के कैंची धाम पहुंचने के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भी मौजूदगी रही। टीम ने बाबा नीब करौरी महाराज के दर्शन के बाद कैंची धाम से विदाई ली।



