हल्द्वानी: उत्तराखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में विजिलेंस टीम ने बागेश्वर में एक परियोजना अधिकारी को 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर सोलर प्लांट की फाइल पास करने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने विजिलेंस से आरोप लगाया था कि संबंधित परियोजना अधिकारी फाइल आगे बढ़ाने के लिए रिश्वत की मांग कर रहा है। शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस ने पहले पूरे मामले का सत्यापन कराया। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप की कार्रवाई की।
निर्धारित योजना के तहत शिकायतकर्ता ने जैसे ही आरोपी अधिकारी को 40 हजार रुपये दिए, पहले से मौजूद विजिलेंस टीम ने उसे मौके पर ही रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली गई।
गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस की टीम आरोपी अधिकारी से पूछताछ कर रही है। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
विजिलेंस अधिकारियों का कहना है कि प्रदेश में भ्रष्टाचार के मामलों को लेकर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। सरकारी कार्यों में रिश्वत मांगने या लेने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों से भी अपील की गई है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी रिश्वत मांगता है तो उसकी शिकायत तुरंत विजिलेंस से करें।
