नैनीताल: उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच नैनीताल जिला प्रशासन ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को देखते हुए बड़ा फैसला लिया है। 2 सितंबर, बुधवार को नैनीताल जिले के कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूल बंद रहेंगे। इसके साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में भी अवकाश रहेगा।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने मौसम की स्थिति और भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की चेतावनी को देखते हुए अवकाश के आदेश जारी किए हैं। आदेश जिले के सरकारी, अशासकीय और निजी विद्यालयों पर लागू होगा।
उत्तराखंड में मानसून लगातार सक्रिय बना हुआ है। मौसम विभाग ने 2 सितंबर को नैनीताल जिले में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ आकाशीय बिजली और तेज बारिश की चेतावनी जारी की है।
पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बारिश के दौरान भूस्खलन, सड़क पर मलबा आने, जलभराव और नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने का खतरा बना रहता है। ऐसे में बच्चों को खराब मौसम के बीच स्कूल आने-जाने में किसी तरह का जोखिम न हो, इसे देखते हुए प्रशासन ने एक दिन का अवकाश घोषित किया है।


