हादसे में भाईयों की जलकर मौत
खटीमा: उत्तराखंड के चंपावत जिले से बड़ी खबर सामने आई है. चंपावत जिले में लोहाघाट से आगे बनतोली के पास भीषण सड़क हादसा हो गया. बताया जा रहा है कि एक कार करीब 250 मीटर गहरी खाई में गिर गई. खाई में गिरने के बाद कार में आग लग गई. इस दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला और दो मासूम बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए.
मिली जानकारी के अनुसार, हल्द्वानी से पिथौरागढ़ जिले के कनालीछीना की ओर जा रही कार मरोड़ाखान से लगभग दो किलोमीटर आगे बनतोली गांव के ऊपर राष्ट्रीय राजमार्ग से अनियंत्रित होकर करीब 250 मीटर गहरी खाई में जा गिरी. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वाहन खाई में गिरते ही जोरदार धमाके जैसी आवाज हुई और कुछ ही देर में कार आग की लपटों में घिर गई.
हादसा इतना भयावह था कि कार में सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा व्यक्ति वाहन में फंस जाने के कारण जिंदा जल गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे. स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया गया और घायलों को खाई से बाहर निकाला गया.
मृतकों की पहचान चालक राजेन्द्र कुमार (48 वर्ष) निवासी डीडीहाट और बलदेव कुमार (36 वर्ष) निवासी कनालीछीना, पिथौरागढ़ के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि बलदेव कुमार वाहन में फंस गए थे और आग लगने के कारण उनकी जलकर मौत हो गई.
वहीं हादसे में घायल नीतू देवी (36 वर्ष) पत्नी बलदेव कुमार, उनकी आठ वर्षीय बेटी अक्षिता और पांच वर्षीय पुत्र आरव गंभीर रूप से घायल हो गए. तीनों को तत्काल आपातकालीन सेवा के माध्यम से उपजिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है. चिकित्सकों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है.
फिलहाल दुर्घटना किन कारणों से हुई, इसका स्पष्ट पता नहीं चल पाया है. प्रारंभिक स्तर पर वाहन के अनियंत्रित होने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन वास्तविक कारण जांच के बाद ही सामने आएंगे.
घटना की गंभीरता को देखते हुए चंपावत जिलाधिकारी मनीष कुमार ने हादसे की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश जारी कर दिए हैं. उन्होंने लोहाघाट की उपजिलाधिकारी नीतू डांगर को जांच अधिकारी नामित किया है. जांच अधिकारी को दुर्घटना के सभी पहलुओं की विस्तृत पड़ताल कर 15 दिनों के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं.
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा दुर्घटना से जुड़े सभी तथ्यों की समयबद्ध जांच करने के निर्देश भी दिए हैं. इस हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और स्थानीय लोग मृतकों के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं.
