Oplus_16908288
हल्द्वानी। राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज मुकदमे के विरोध में हल्द्वानी में कांग्रेस ने प्रदर्शन कर पुलिस प्रशासन के सामने अपना विरोध दर्ज कराया। राज्यसभा सांसद और कांग्रेस नेता चंद्रकांत हंडोरे कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने मामले के जांच अधिकारी सीओ अमित सैनी से मुलाकात कर पूरे प्रकरण पर चर्चा की ।
कांग्रेस की तरफ से पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज मुकदमे को वापस लेने की मांग की गई। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि मामले में निष्पक्ष तरीके से कार्रवाई होनी चाहिए। प्रदर्शन के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन के सामने अपनी मांगे रखते हुए मामले में उचित कदम उठाने की मांग की।
इस दौरान हल्द्वानी के रामलीला मैदान में शुद्धिकरण से जुड़े मामले का मुद्दा भी उठाया गया। सांसद चंद्रकांत हंडोरे ने शुद्धिकरण करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं को गंभीरता से लिया जाना चाहिए।
प्रदर्शन में हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश समेत कांग्रेस के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर उचित कार्यवाही नहीं की गई तो पार्टी आंदोलन को और अधिक तेज करने पर बाध्य होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाती रहेगी और संबंधित मामलों में कार्रवाई की मांग जारी रहेगी।

