उत्तराखंड आ रहे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी.
अल्मोड़ा: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर अल्मोड़ा पहुंच रहे हैं। कांग्रेस पार्टी इस जनसभा को आगामी 2027 विधानसभा चुनावों से पहले उत्तराखंड में चुनावी अभियान के बड़े आगाज के रूप में देख रही है।
राहुल गांधी सुबह करीब 11 बजे हेलीकॉप्टर से आर्मी हेलीपैड पहुंचेंगे। इसके बाद वह सिमकनी मैदान में आयोजित जनसभा में शामिल होंगे और करीब 11:30 बजे कार्यकर्ताओं व जनता को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम के अनुसार दोपहर 12:30 बजे वह पौड़ी के लिए रवाना होंगे।
जनसभा को सफल बनाने के लिए कांग्रेस के तमाम वरिष्ठ नेता पिछले दो दिनों से अल्मोड़ा में डेरा डाले हुए हैं। पार्टी को उम्मीद है कि राहुल गांधी की यह सभा कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करेगी।
राहुल गांधी के दौरे को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने शहर की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। गुरुवार सुबह 7 बजे से पांडेखोला बाइपास से बेस तिराहा तक आवश्यक सेवाओं को छोड़कर सभी वाहनों की आवाजाही कार्यक्रम समाप्त होने तक बंद रहेगी। नगर क्षेत्र में भारी वाहनों के प्रवेश पर भी रोक लगाई गई है।
सभा में आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल और रूट निर्धारित किए गए हैं। रानीखेत, द्वाराहाट, सल्ट, सोमेश्वर, बागेश्वर और जागेश्वर की ओर से आने वाले वाहनों को जलाल बैंड तक भेजा जाएगा। वहीं हल्द्वानी, नैनीताल, रुद्रपुर और चंपावत की ओर से आने वाले वाहनों के लिए अलग मार्ग तय किए गए हैं।
सुरक्षा के अभेद्य इंतजाम
चंद्रशेखर घोडके ने बताया कि जनसभा को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। बाहरी जनपदों से भी पुलिस बल बुलाया गया है। स्थानीय पुलिस और पीएसी के जवानों की तैनाती के साथ पूरे कार्यक्रम क्षेत्र पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि राहुल गांधी की यह सभा उत्तराखंड की राजनीति में नया संदेश देगी और पार्टी संगठन को आगामी चुनावों के लिए मजबूती प्रदान करेगी।
