एआई इमेज
देहरादून: उत्तराखंड में इन दिनों मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। प्रदेश के कई हिस्सों में रुक-रुक कर हो रही बारिश ने जहां लोगों को भीषण गर्मी से राहत दी है, वहीं मौसम विभाग ने एक बार फिर बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग के अनुसार आज देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना है। इसके अलावा 4200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी भी देखने को मिल सकती है।
मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, देहरादून और टिहरी जिलों में कहीं-कहीं तेज बारिश, ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाएं कुछ स्थानों पर 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं।
प्रदेश के मैदानी इलाकों में भी मौसम पूरी तरह शांत नहीं रहेगा। कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
राजधानी देहरादून में आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है। यहां गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार देहरादून में अधिकतम तापमान लगभग 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
प्री-मानसून गतिविधियां हुईं तेज
प्रदेश में इन दिनों प्री-मानसून की गतिविधियां सक्रिय हैं। लगातार हो रही बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। पहाड़ी क्षेत्रों में सुबह और शाम हल्की ठंडक महसूस की जा रही है, जबकि मैदानी इलाकों को भी गर्मी से राहत मिली है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।
