उत्तराखंड मौसम अपडेट
उत्तराखंड में मौसम लगातार करवट बदल रहा है। राज्य के कई जिलों में बारिश तेज हवाओं और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। देहरादून समेत 11 जिलों में अगले कुछ दिनों तक मौसम खराब बना रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में 12 मई तक बारिश और ठंडी हवाओं का असर देखने को मिलेगा।
देहरादून उत्तरकाशी चमोली पिथौरागढ़ रुद्रप्रयाग टिहरी पौड़ी अल्मोड़ा बागेश्वर चंपावत और नैनीताल में हल्की से मध्यम बारिश के आसार है। वही हरिद्वार और उधम सिंह नगर में भी कहीं कहीं बूंदाबादी हो सकती है। विभाग ने पर्वतीय क्षेत्रों में 4000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई है। साथ ही मैदानी इलाकों 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और आकाशीय बिजली चमकने की चेतावनी दी गई है।
बीते दिनों हुई बारिश के बाद प्रदेश के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। देहरादून में मई महीने का पिछले 9 वर्षों का सबसे ठंडा दिन रिकॉर्ड किया गया है।राजधानी में देर शाम तेज बारिश हुई, जबकि सुबह से बादल छाए रहे। नैनीताल, अल्मोड़ा, चंपावत, रुद्रप्रयाग और हरिद्वार में भी गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गई। वहीं उत्तरकाशी, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की से मध्यम बारिश हुई।
मौसम विभाग के अनुसार देहरादून में अगले 24 घंटों के दौरान मौसम मिला-जुला रहेगा। आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा और हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। राजधानी का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
6 मई को देहरादून का अधिकतम तापमान 31.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। पंतनगर में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 17.1 डिग्री रहा। मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 18.5 डिग्री और न्यूनतम 7.1 डिग्री जबकि टिहरी में अधिकतम तापमान 21.4 डिग्री और न्यूनतम 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 8 मई को पर्वतीय जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। 9 मई को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की बारिश और गर्जन की संभावना है। वहीं 10 मई को भी इन जिलों में बूंदाबांदी और हल्की बारिश के आसार बने हुए हैं, जबकि अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहेगा।
