हल्द्वानी: गैस उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर है। गैस कनेक्शन की ई-केवाईसी कराने की अंतिम तारीख बढ़ाकर 31 अगस्त कर दी गई है। ऐसे में जिन उपभोक्ताओं ने अभी तक अपने गैस कनेक्शन का ई-केवाईसी सत्यापन नहीं कराया है, उन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर यह प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
कुमाऊं मंडल विकास निगम (केएमवीएन) के गैस मैनेजर रवि मेहरा ने बताया कि कुमाऊं मंडल में केएमवीएन इंडेन की 49 गैस एजेंसियां संचालित हो रही हैं। इनमें अब तक करीब 88 प्रतिशत गैस उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी पूरी हो चुकी है।
उन्होंने बाकी उपभोक्ताओं से भी जल्द से जल्द ई-केवाईसी कराने की अपील की है। उनका कहना है कि समय पर सत्यापन नहीं कराने पर आगे गैस सिलिंडर लेने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
ऐसे कराएं गैस कनेक्शन की ई-केवाईसी
गैस उपभोक्ता घर बैठे इंडियन ऑयल वन ऐप के माध्यम से भी ई-केवाईसी पूरी कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें ऐप डाउनलोड कर अपने पंजीकृत मोबाइल नंबर से लॉगिन करना होगा और ऐप में दिए गए निर्देशों के अनुसार प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
इसके अलावा उपभोक्ता अपने गैस वितरक के यहां उपलब्ध मशीन के माध्यम से बायोमेट्रिक सत्यापन कराकर भी ई-केवाईसी करा सकते हैं।
जिन उपभोक्ताओं को मोबाइल ऐप के जरिए ई-केवाईसी करने में परेशानी हो रही है, वे अपनी नजदीकी गैस एजेंसी पर जाकर भी यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
गैस उपभोक्ताओं को सलाह दी गई है कि अंतिम तारीख का इंतजार करने के बजाय जल्द से जल्द ई-केवाईसी करा लें, ताकि बाद में किसी तरह की परेशानी न हो।

