प्रतीकात्मक तस्वीर
हल्द्वानी: मंडी चौकी क्षेत्र के गोरापड़ाव में बुधवार देर रात फर्जी पुलिस टीम बनकर लूट की सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने का मामला सामने आया है। कार सवार करीब 8 से 10 बदमाशों ने एक कार्यालय में पार्टी कर रहे लोगों को खुद को पुलिस की एसओजी टीम बताकर तमंचे के बल पर धमकाया। इसके बाद जुए में लगी रकम के साथ वहां मौजूद लोगों के जेवर भी उतरवा लिए और बरेली रोड की तरफ फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, बुधवार देर रात बरेली रोड स्थित गोरापड़ाव के एक कार्यालय में कुछ लोग पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान एक कार वहां पहुंची। कार से करीब 8 से 10 लोग उतरे और खुद को पुलिस की SOG टीम बताया।
आरोप है कि बदमाशों ने तमंचा दिखाकर कार्यालय में मौजूद लोगों को धमकाना शुरू कर दिया। खुद को पुलिसकर्मी बताने के कारण मौके पर मौजूद लोग विरोध नहीं कर सके।
आरोपियों ने मौके पर जुए में लगी पूरी रकम अपने कब्जे में ले ली। इसके बाद वहां मौजूद लोगों से सोने की अंगूठियां और गले में पहनी चेन भी उतरवा लीं।
वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी उसी कार में सवार हुए और बरेली रोड की तरफ फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ितों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि आरोपियों की धरपकड़ और घटना के खुलासे के लिए चार पुलिस टीमों का गठन किया गया है। सर्विलांस टीम को भी जांच में लगाया गया है।
पुलिस गोरापड़ाव और आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने के साथ उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि वारदात में इस्तेमाल की गई कार किसकी थी। इसके अलावा यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी मौके पर अचानक पहुंचे थे या उन्हें पहले से कार्यालय में मौजूद लोगों और वहां चल रही गतिविधियों की जानकारी थी।
फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

