नैनीताल: वीकेंड और छुट्टियों के चलते सरोवर नगरी नैनीताल शनिवार को पर्यटकों से पूरी तरह गुलजार रही। सुबह से ही शहर में बड़ी संख्या में पर्यटकों की आवाजाही शुरू हो गई, जिसके चलते दिनभर प्रमुख सड़कों और पर्यटन स्थलों पर भारी भीड़ नजर आई। शनिवार को 15 हजार से अधिक पर्यटकों के नैनीताल पहुंचने से होटल और पार्किंग स्थल भी पूरी तरह भर गए।
पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पुलिस ने सुबह से ही वाहनों को रूसी बाईपास पर रोकना शुरू कर दिया। यहां से शटल सेवा के माध्यम से पर्यटकों को नैनीताल भेजा गया। यातायात व्यवस्था को बनाए रखने के लिए दोपहिया वाहनों की आवाजाही पर भी पुलिस ने रोक लगाई।
नैनीताल पहुंचने वाले पर्यटकों ने नैनी झील में नौकायन का आनंद लेने के साथ ही शहर के अन्य पर्यटन स्थलों का भी रुख किया। नैनीताल प्राणी उद्यान में करीब 700 पर्यटक पहुंचे, जबकि केहू गार्डन में 1400 से अधिक सैलानियों ने पहुंचकर पर्यटन स्थलों का आनंद लिया।
शाम होते-होते रोडवेज स्टेशन पर भी यात्रियों की भीड़ बढ़ गई। वहीं, हल्द्वानी मार्ग पर जाम की स्थिति बनने से बसों और अन्य वाहनों में सफर करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
इधर, होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष दिग्विजय सिंह बिष्ट ने कहा कि पर्यटकों की अधिक भीड़ के दौरान प्रशासन को होटलों की जांच करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बिना पंजीकरण संचालित हो रहे कुछ होटल पर्यटकों से मनमाना किराया वसूलते हैं। ऐसे मामलों पर प्रशासन को निगरानी बढ़ाने की जरूरत है।



