हल्द्वानी: हल्द्वानी में लगातार बढ़ रही गर्मी के बीच अब पेयजल संकट भी गहराने लगा है। तराई-भाबर क्षेत्र में बुधवार को तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जिससे लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ने की चेतावनी भी जारी की है।
गर्मी के इस प्रकोप के बीच शहर के कई इलाकों में पानी की सप्लाई प्रभावित हो गई है। तेरह बीघा नलकूप ठप होने से इंदिरानगर क्षेत्र की 10 हजार से ज्यादा आबादी पानी संकट से जूझ रही है। वहीं ऊंचापुल के भगवानपुर इलाके का नलकूप ठीक होने के बावजूद एकता विहार, जगदंबिका विहार समेत चार कॉलोनियों में लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है।
.
.
इसके अलावा दमुवाढूंगा, कमलुवागांजा और पनियाली के अंतिम छोर पर बसे घरों में भी पानी की सप्लाई प्रभावित होने से लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। कई इलाकों में लोग पानी के लिए घंटों इंतजार कर रहे हैं।
भगवानपुर क्षेत्र के लोगों में जल संस्थान की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी देखने को मिल रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि करीब एक महीने बाद ट्यूबवेल ठीक हुआ, लेकिन इसके बाद भी पानी की आपूर्ति सामान्य नहीं हो सकी।
हालांकि जल संस्थान की ओर से प्रभावित क्षेत्रों में टैंकर भेजे जा रहे हैं, लेकिन लोगों का कहना है कि एक-दो चक्कर से जरूरत पूरी नहीं हो पा रही। ऐसे में कई परिवारों को मजबूरी में निजी खर्च पर पानी के टैंकर मंगवाने पड़ रहे हैं।
.
क्षेत्र के पूर्व सभासद शकील सलमानी ने कहा कि इलाके की अधिकांश आबादी आर्थिक रूप से कमजोर है और निजी टैंकर मंगवाना हर किसी के बस की बात नहीं है। उन्होंने प्रशासन से प्रभावित क्षेत्रों में पानी की सप्लाई बढ़ाने और खराब नलकूपों को जल्द ठीक कराने की मांग की है।
जल संस्थान के सहायक अभियंता रविंद्र कुमार ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में लगातार टैंकरों के जरिए पानी पहुंचाया जा रहा है। फिलहाल 10 सरकारी टैंकर लगाए गए हैं, जबकि निजी अनुबंधित टैंकरों की संख्या भी दो से बढ़ाकर पांच कर दी गई है।
उन्होंने बताया कि सभी टैंकर अलग-अलग इलाकों में रोजाना पांच से छह चक्कर लगाकर पानी की आपूर्ति कर रहे हैं और जरूरत पड़ने पर टैंकरों की संख्या और बढ़ाई जाएगी।
