उत्तराखंड :
लगातार पड़ रही भीषण गर्मी के बीच आज मौसम करवट ले सकता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के कुछ पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना है, जबकि मैदानी इलाकों में हीट वेव को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार उत्तराखंड के उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ स्थानों पर गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है। वहीं प्रदेश के बाकी जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा।
दूसरी ओर देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, पौड़ी और ऊधम सिंह नगर से जुड़े इलाकों में गर्म हवाएं चलने की आशंका जताई गई है। इसके अलावा उत्तरकाशी के सीमावर्ती क्षेत्रों में भी उष्ण लहर यानी हीट वेव का असर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
.
.
राजधानी देहरादून में आज आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान करीब 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई गई है। लगातार बढ़ते तापमान के कारण लोगों को दिन के समय तेज गर्मी और उमस का सामना करना पड़ रहा है।
हीट वेव की चेतावनी के बाद स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट मोड में आ गया है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) की ओर से सभी जिलाधिकारियों और मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को गर्मी से संबंधित बीमारियों की रोकथाम और उपचार के लिए जरूरी इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं।
उधर ऊधम सिंह नगर में बढ़ती गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूलों के संचालन समय में बदलाव किया है। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने सभी शिक्षण संस्थानों को नए समय के अनुसार स्कूल चलाने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए यह फैसला लिया गया है और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
