उत्तराखंड में हीट वेव को लेकर एडवाइजरी जारी..
उत्तराखंड में हीट वेव को लेकर एडवाइजरी जारी..
उत्तराखंड :
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) की ओर से जारी एडवाइजरी में सभी जिलाधिकारियों और मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को हीट वेव से जुड़ी बीमारियों की रोकथाम और इलाज के लिए जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा गया है। भारतीय मौसम विभाग की ओर से मार्च से मई के बीच सामान्य से अधिक तापमान की संभावना जताने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां और तेज कर दी हैं।
सरकार ने जिला और उप-जिला अस्पतालों में विशेष हीटस्ट्रोक कक्ष बनाने के निर्देश दिए हैं। इन वार्डों में मरीजों के लिए कूलिंग सिस्टम, आइस पैक, ठंडे आईवी फ्लूइड और बेहतर वेंटिलेशन की व्यवस्था अनिवार्य की गई है। साथ ही अस्पतालों में ORS, इलेक्ट्रोलाइट्स और जरूरी दवाओं का पर्याप्त स्टॉक रखने के निर्देश दिए गए हैं।
.
.
स्वास्थ्य विभाग ने “पहले ठंडा करें, फिर परिवहन करें” प्रोटोकॉल को भी सख्ती से लागू करने को कहा है, ताकि हीट स्ट्रोक के मरीजों को तुरंत राहत मिल सके।
हीट वेव से जुड़े मामलों की निगरानी के लिए राज्य में रोजाना रिपोर्टिंग भी अनिवार्य कर दी गई है। सभी जिलों को IHIP प्लेटफॉर्म पर हीट से संबंधित मामलों की जानकारी अपलोड करनी होगी। इसके अलावा संदिग्ध मौतों की जांच और ऑडिट करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
एडवाइजरी में बच्चों, गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और बाहर काम करने वाले श्रमिकों को सबसे ज्यादा संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है। इन वर्गों के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। लोगों को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक तेज धूप से बचने, हल्के सूती कपड़े पहनने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी गई है।
.
गर्मी के दौरान होने वाले बड़े आयोजनों और खेल गतिविधियों के लिए भी दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। आयोजकों को पर्याप्त पेयजल, ORS और मेडिकल टीम की व्यवस्था रखने को कहा गया है।
बढ़ती गर्मी के कारण बिजली के उपकरणों पर बढ़ते लोड को देखते हुए अस्पतालों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। आईसीयू समेत संवेदनशील हिस्सों में फायर फाइटिंग सिस्टम, स्मोक डिटेक्टर और विद्युत लोड ऑडिट सुनिश्चित करने को कहा गया है।
स्वास्थ्य सचिव सचिन कुर्वे ने कहा कि सरकार हीट वेव की स्थिति को लेकर पूरी तरह गंभीर है और सभी जिलों को पहले से तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि दोपहर में धूप से बचें और स्वास्थ्य विभाग की एडवाइजरी का पालन करें।
