15 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग
हल्द्वानी: नैनीताल के हल्द्वानी रामलीला मैदान में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद हुए कथित शुद्धिकरण का विवाद अब सियासी टकराव में बदलता नजर आ रहा है। राहुल गांधी के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के बाद कांग्रेस ने सोमवार को पुलिस के सामने अपना पक्ष रखते हुए भाजपा नेताओं और अन्य लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता सोमवार 31 अगस्त को हल्द्वानी कोतवाली पहुंचे। कांग्रेस की ओर से पुलिस को तहरीर के रूप में ज्ञापन सौंपा गया। इसमें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, श्रीराम सेवा से जुड़े गिरीश पांडे समेत करीब 15 लोगों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करने की मांग की गई।
कांग्रेस नेताओं ने राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज FIR को अन्यायपूर्ण बताया। यशपाल आर्या ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद उनके भाषण मंच का कथित शुद्धिकरण कर उनका अपमान किया गया, लेकिन कांग्रेस की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के खिलाफ कुछ ही समय में मुकदमा दर्ज कर दिया गया, जबकि कांग्रेस पहले ही कथित शुद्धिकरण मामले में पुलिस को तहरीर दे चुकी है।
यशपाल आर्या ने कहा कि पूरे घटनाक्रम से भाजपा की कथित दलित विरोधी मानसिकता सामने आती है। कांग्रेस नेताओं ने पुलिस से दोनों मामलों में निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है। कांग्रेस का कहना है कि यदि उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष के कथित अपमान के मामले में जल्द मुकदमा दर्ज नहीं किया गया तो पार्टी आंदोलन को और तेज करेगी।
हल्द्वानी के रामलीला मैदान में 8 अगस्त को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली आयोजित हुई थी। कांग्रेस के अनुसार, रैली के बाद 11 अगस्त को कुछ लोगों ने उस मंच का कथित तौर पर शुद्धिकरण किया था। इस घटना के बाद कांग्रेस ने देशभर में विरोध प्रदर्शन किया था। अब राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज मुकदमे के बाद हल्द्वानी में कांग्रेस ने भाजपा नेताओं के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग उठाई है।
कोतवाली पहुंचने के बाद यशपाल आर्या ने साफ कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे पर पीछे नहीं हटेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी की लड़ाई जारी रहेगी और जरूरत पड़ने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा। फिलहाल दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों को लेकर पुलिस की कार्रवाई और जांच पर नजर बनी हुई है।

