नैनीताल:
नैनीताल की ठंडी जलवायु अब लोगों को राहत नहीं दे पा रही है। सरोवर नगरी में लगातार बढ़ रही गर्मी ने लोगों को हैरान कर दिया है। मंगलवार को नैनीताल का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिसके बाद स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों को भी तेज धूप और गर्मी से बचने के लिए छांव का सहारा लेना पड़ा।
पिछले तीन दिनों से नैनीताल में लगातार गर्म मौसम बना हुआ है। मंगलवार सुबह हल्के बादल जरूर दिखाई दिए, लेकिन जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, धूप की तपिश बढ़ती चली गई। दोपहर तक हालात ऐसे हो गए कि लोग खुले में निकलने से बचते नजर आए।..
.
.
आमतौर पर ठंडे मौसम के लिए पहचाने जाने वाले नैनीताल में इस बार गर्मी ने नया अनुभव कराया है। स्थानीय लोग भी मई महीने में इस तरह की गर्मी देखकर अचंभित दिखाई दिए। शहर के कई होटलों में अब पंखों और एसी का इस्तेमाल शुरू हो गया है, जो पहले कम ही देखने को मिलता था।
पर्यटक भी तेज धूप से बचने के लिए झील किनारे और पेड़ों की छांव में बैठते नजर आए। बाजारों और सड़कों पर दोपहर के समय लोगों की आवाजाही भी कम हो गई।
जीआईसी मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार मंगलवार को नैनीताल का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में भी मौसम शुष्क बना रहेगा और गर्मी से राहत मिलने के फिलहाल कोई खास आसार नहीं हैं।
मौसम विभाग ने यह भी संकेत दिए हैं कि अगले कुछ दिनों तक तापमान सामान्य से अधिक बना रह सकता है। साथ ही तेज गर्म हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ सकती है।
