लालकुआं : लालकुआं में राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने अव्यवस्थित कट एक बार फिर जानलेवा साबित हुए। शनिवार सुबह गुमटी क्षेत्र में एक ऑटो और नेक्सॉन कार की भीषण टक्कर में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ही परिवार के आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, हल्द्वानी के गफूर बस्ती निवासी शोएब अपने भाई शाहरुख और अन्य परिजनों के साथ ऑटो (UK04TB2641) से लालकुआं की ओर जा रहे थे। ऑटो में चार बच्चों समेत कुल नौ लोग सवार थे।
गुमटी के पास हाईवे पर बने कट को पार कर रही नेक्सॉन कार (UK04AN4247) से ऑटो की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
इस हादसे में शाहरुख की पत्नी रोजी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं शाहरुख, उनके चार बच्चे अरहान, अर्श, उजैर और मन्नत, साथ ही शोएब, मुकद्दस और मेहरू बी गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही हल्दूचौड़ चौकी प्रभारी शंकर नयाल के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत हल्द्वानी के अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा गया। उनका कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने अव्यवस्थित और असुरक्षित कट लगातार दुर्घटनाओं की वजह बन रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इन कटों को व्यवस्थित किया जाए ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
