नैनीताल जिले के मुखानी क्षेत्र में गैस सिलेंडर चोरी की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। घर की गैलरी से तीन सिलेंडर गायब होने की घटना, पड़ोस में बनी चर्चाओं और बढ़ती चिंता के बीच पुलिस के लिए चुनौती बन गई थी। तहरीर मिलने के बाद जांच तेज की गई और आखिरकार पुलिस उस शख्स तक पहुंच ही गई जिसने घर की जानकारी का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया।
जानकारी के अनुसार आदर्श नगर निवासी एक महिला ने मुखानी थाने में शिकायती पत्र देते हुए कहा कि बीते एक महीने के दौरान उनके घर की बाउंड्री फांदकर दो भारत गैस और एक इंडियन गैस सिलेंडर चोरी कर लिए। शिकायत के बाद थाना सीसीटीवी कैमरों का बारीकी से निरीक्षण शुरू किया। फुटेज में एक युवक संदिग्ध गतिविधियों के साथ दिखाई दिया, जिसके आधार पर पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में गठित टीम को 17 अप्रैल को सूचना मिली कि संदिग्ध व्यक्ति चंबल पुल के पास देखा गया है। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना नाम प्रदीप कुमार बताया और स्वीकार किया कि वह पहले शिकायतकर्ता के यहां ड्राइवर के रूप में काम कर चुका है। उसी समय उसने घर के ढांचे और गैलरी की स्थिति को समझा और चोरी की प्लानिंग बनाई।
आरोपी की निशानदेही कर संतोषी माता मंदिर के पास स्थित बगीचे से चोरी किए गए तीनों सिलेंडर बरामद कर लिए गए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, जबकि उसका आपराधिक इतिहास भी अन्य थानों में खंगाला जा रहा है।
