ai image
पिथौरागढ़: सीमांत जनपद पिथौरागढ़ के झूलाघाट क्षेत्र में एक विवाहिता महिला और नाबालिग किशोरी के बीच प्रेम संबंध का मामला सामने आया है। परिजनों द्वारा विरोध किए जाने के बाद दोनों कथित तौर पर एक साथ रहने की जिद पर अड़ गईं। मामला तब और गंभीर हो गया जब दोनों काली नदी की ओर चली गईं, जहां वे जान देने की योजना बना रही थीं। सूचना मिलने पर पुलिस और परिजन समय रहते मौके पर पहुंच गए और उन्हें सुरक्षित बचा लिया।
जानकारी के अनुसार, झूलाघाट क्षेत्र की रहने वाली 28 वर्षीय विवाहिता वर्तमान में पिथौरागढ़ नगर में किराए के मकान में रहती है। महिला ने कोतवाली पहुंचकर किशोरी को बुलाने की मांग की, जिसके बाद पुलिस ने किशोरी और उसके परिजनों को थाने बुलाया। पूछताछ के दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की बात सामने आई।
थाने में दोनों ने एक-दूसरे के साथ रहने और जीवन बिताने की इच्छा जताई। परिजनों और पुलिस ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, जिसके बाद दोनों को घर भेज दिया गया। हालांकि, घर जाने के बजाय दोनों काली नदी के किनारे पहुंच गईं। संदेह होने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी और पुलिस टीम ने तत्काल पहुंचकर दोनों को सुरक्षित अपने कब्जे में ले लिया।
पुलिस उपाधीक्षक गोविंद बल्लभ जोशी के अनुसार, किशोरी का विवाहिता के गांव में रिश्तेदारी के कारण आना-जाना था। इसी दौरान दोनों की पहचान हुई, जो धीरे-धीरे दोस्ती और फिर प्रेम संबंध में बदल गई। विवाहिता छह वर्ष की एक बेटी की मां है, जबकि उसका पति दिल्ली में निजी नौकरी करता है।
पुलिस ने दोनों को कानूनी प्रावधानों, नाबालिग की उम्र और संभावित सामाजिक व कानूनी जटिलताओं के बारे में समझाया। इसके बाद विवाहिता को एसडीएम कोर्ट में पेश किया गया, जबकि किशोरी को बाल कल्याण समिति के सुपुर्द कर दिया गया है। फिलहाल किशोरी बाल कल्याण समिति के संरक्षण में रहेगी और मामले की आगे जांच की जा रही है।
