हल्द्वानी में वाइन शॉप में भीषण आग.
हल्द्वानी: शहर के व्यस्त तिकोनिया चौराहे पर स्थित एक वाइन शॉप में सोमवार देर रात भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी दुकान और उसके ऊपर स्थित गोदाम इसकी चपेट में आ गए। घटना में करोड़ों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार मल्ला गोरखपुर निवासी राजेंद्र पाल की वाइन शॉप में देर रात करीब दो बजे अचानक आग लग गई। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। दुकान में भारी मात्रा में शराब का स्टॉक रखा हुआ था, जिसके कारण आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया।
देर रात सड़क से गुजर रहे एक व्यक्ति ने दुकान से उठती आग की लपटें और धुआं देखा, जिसके बाद उसने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं।
दमकल कर्मियों ने लगातार करीब ढाई घंटे तक आग बुझाने का अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद सुबह करीब साढ़े चार बजे आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दुकान के साथ-साथ ऊपरी मंजिल में बना गोदाम भी पूरी तरह जल गया।
प्रारंभिक आकलन के अनुसार इस अग्निकांड में करीब 8 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। बड़ी मात्रा में रखा शराब का स्टॉक, फर्नीचर और अन्य सामान जलकर राख हो गया।
पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और देर रात तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
