उत्तरकाशी: मोरी विकासखंड की फतेपर्वत पट्टी के बरी गांव में सोमवार सुबह कहासुनी के बाद हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आरोप है कि भतीजे ने अपने चाचा पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से चाचा की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, बरी गांव निवासी करम चंद उर्फ गांधी की सोमवार सुबह अपने भतीजे सुमन चंद्र उर्फ सुबेन से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान सुमन चंद्र ने चाचा करम चंद पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।
हमले में करम चंद की गर्दन और हाथ पर गंभीर चोटें आईं। चोट इतनी गंभीर थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी सुमन चंद्र मौके से फरार हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही मोरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं आरोपी की तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है।
पुलिस उपाधीक्षक चंचल शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीम लगाई गई है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि चाचा-भतीजे के बीच विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ था। पुलिस घटना के कारणों की पड़ताल कर रही है। जांच के बाद ही विवाद की पूरी वजह सामने आ सकेगी।
घटना के बाद बरी गांव में मातम और तनाव का माहौल है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश के साथ मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

