स्कूटी चलाकर जनता के बीचपहुंचे मंत्री राम सिंह कैड़ा.
हल्द्वानी:
देशभर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण को लेकर दिए जा रहे संदेश के बाद उत्तराखंड में भी जनप्रतिनिधि इसे अपनाते नजर आ रहे हैं। इससे पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी अपने काफिले को छोटा कर चुके हैं। अब कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने स्कूटी से क्षेत्र भ्रमण कर लोगों का ध्यान खींचा।
मंत्री हेलमेट पहनकर खुद स्कूटी चलाते हुए भीमताल क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से मुलाकात की, उनकी समस्याएं सुनीं और सीधे संवाद भी किया। आमतौर पर वीआईपी संस्कृति और बड़े काफिलों के बीच मंत्री का यह सादा अंदाज लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।
स्थानीय लोगों ने भी मंत्री के इस कदम की सराहना की। लोगों का कहना था कि जब जनप्रतिनिधि खुद इस तरह उदाहरण पेश करते हैं तो उसका सकारात्मक असर समाज पर पड़ता है।
कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि ईंधन की बचत आज समय की जरूरत है और हर व्यक्ति को इसमें अपनी भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि छोटी दूरी के लिए दोपहिया वाहन या सार्वजनिक परिवहन का उपयोग बढ़ाने से न सिर्फ ईंधन की बचत होगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलेगी।
मंत्री का स्कूटी चलाते हुए क्षेत्र भ्रमण का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रही हैं।
