नैनीताल: ज्योलीकोट-भवाली मार्ग पर शनिवार शाम एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। भूमियाधार के पास दिल्ली से कैंची धाम जा रही स्कॉर्पियो अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक, स्कॉर्पियो में कई युवक सवार थे। दुर्घटना के बाद राहत और बचाव दल ने खाई में उतरकर रेस्क्यू शुरू किया। टीम ने दो युवकों को वाहन से बाहर निकाला। इनमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि दूसरे युवक को घायल अवस्था में बाहर निकालकर उपचार के लिए भवाली सीएचसी भेजा गया।
वहीं, एक अन्य युवक के स्कॉर्पियो के अंदर फंसे होने की जानकारी मिली है। उसे बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू टीम लगातार प्रयास कर रही है। अंधेरा होने और घटनास्थल पर खड़ी ढलान होने के कारण बचाव अभियान में भी मुश्किलें सामने आईं। स्थानीय लोगों ने भी रेस्क्यू टीम का सहयोग किया
हादसे की सूचना पर ज्योलीकोट पुलिस, एसडीआरएफ और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस के मुताबिक वाहन में कुल कितने लोग सवार थे, इसकी अभी पुष्टि की जा रही है। हादसे में शामिल स्कॉर्पियो का नंबर HR-36-AP-2156 बताया गया है। वाहन किस वजह से अनियंत्रित हुआ, फिलहाल इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।



