रामनगर: पीरुमद्वारा क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने इलाके में सनसनी फैला दी है। मृतक के शरीर पर मिले संदिग्ध निशानों के बाद पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए हत्या के एंगल से जांच में जुट गई है।
मृतक की पहचान करेलपुरी निवासी 30 वर्षीय गुरदास पुत्र पूरन सिंह के रूप में हुई है, जो मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। परिजनों के अनुसार गुरुवार को गांव का ही एक युवक उसे दिहाड़ी मजदूरी के बहाने अपने साथ ले गया था।
जब देर रात तक गुरदास घर नहीं लौटा तो परिवार के लोग उसकी तलाश में निकल पड़े। पूछताछ और दबाव के बाद संबंधित युवक उन्हें गांव के पास वन क्षेत्र में स्थित एक स्थान पर ले गया, जहां कथित रूप से अवैध कच्ची शराब की भट्टी संचालित होती है।
परिजनों का आरोप है कि रात करीब 12 बजे गुरदास वहां भट्टी के समीप मृत अवस्था में मिला। शव की स्थिति देखकर परिजनों के होश उड़ गए। बताया जा रहा है कि मृतक की पीठ पर जलने जैसे निशान भी मिले हैं, जिससे मामला और अधिक संदिग्ध हो गया है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस हरकत में आई और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मामले में पांच संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच जारी है।
