एआई इमेज
एआई इमेज
देहरादून। उत्तराखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र ने शुक्रवार के लिए कई जिलों में खराब मौसम की चेतावनी जारी की है। देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ इलाकों में तेज बारिश, ओलावृष्टि और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं राज्य के अन्य जिलों में भी गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा 4200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले हिमालयी क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी की संभावना भी व्यक्त की गई है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
उधर, गुरुवार शाम पहाड़ों की रानी नैनीताल में अचानक मौसम बदल गया। तेज बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे मौसम सुहावना हो गया। हालांकि बारिश शुरू होने पर माल रोड और अन्य पर्यटन स्थलों पर घूम रहे पर्यटकों को कुछ समय के लिए परेशानी का सामना करना पड़ा। कई लोग बारिश से बचने के लिए दुकानों और होटलों की ओर भागते नजर आए।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है। इसलिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
