PHOTO- SOCIAL MEDIA
रुड़की: हरिद्वार जिले के रुड़की में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई जब एक होटल के कमरे में महिला और पुरुष के शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़े मिले। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार डबल फाटक पुल के पास स्थित एक होटल में 28 मई की शाम एक महिला और पुरुष ने कमरा बुक कराया था। अगले दिन सुबह होटल कर्मचारी सफाई के लिए कमरे पर पहुंचे, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। पहले कर्मचारियों ने उन्हें सोता हुआ समझकर ज्यादा ध्यान नहीं दिया।
दोपहर में चेकआउट का समय होने पर होटल स्टाफ दोबारा कमरे तक पहुंचा, लेकिन काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला। संदेह होने पर होटल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने दूसरी चाबी की मदद से कमरा खोला तो अंदर का दृश्य देखकर सभी हैरान रह गए। कमरे में महिला और पुरुष के शव बेड पर पड़े हुए थे। घटना के बाद होटल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान 23 वर्षीय सागर पुत्र विजेंद्र, निवासी नाथूखेड़ी, मंगलौर और 27 वर्षीय महिला पत्नी संदीप, निवासी मंगलौर के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में दोनों के मुंह से झाग निकलने की बात सामने आई है।
जांच के दौरान यह भी पता चला है कि पुरुष दो बच्चों का पिता था, जबकि महिला भी शादीशुदा थी। ऐसे में पुलिस प्रेम प्रसंग सहित विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया है। साथ ही होटल स्टाफ से पूछताछ की जा रही है और होटल के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
सीओ रुड़की ओशिन जोशी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।
