नैनीताल: उत्तराखंड के नैनीताल जिले में शुक्रवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। रामगढ़ क्षेत्र में लुक्ताधार के पास पर्यटकों से भरा टेंपो ट्रैवलर करीब 100 फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में दो यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 14 यात्री घायल बताए जा रहे हैं। छह यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही भवाली पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। लगातार बारिश के बीच जवानों ने स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
जानकारी के अनुसार, टेंपो ट्रैवलर संख्या UP14 TQ 9690 में कुल 22 लोग सवार थे। इनमें हरियाणा, फरीदाबाद और दिल्ली के पर्यटक शामिल थे। वाहन मुक्तेश्वर से घूमकर भवाली की ओर लौट रहा था।
बताया जा रहा है कि रामगढ़ क्षेत्र में लक्ष्मीखान तिराहे से करीब एक किलोमीटर आगे चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद टेंपो ट्रैवलर पैराफिट तोड़ते हुए गहरी खाई में जा गिरा। राहत की बात यह रही कि वाहन नीचे पेड़ों के बीच जाकर अटक गया।
हादसे की सूचना राहगीरों ने पुलिस को दी। इसके बाद भवाली कोतवाली पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। खाई काफी गहरी होने और लगातार बारिश के कारण रेस्क्यू अभियान चुनौतीपूर्ण रहा।
रेस्क्यू टीमों ने खाई में उतरकर यात्रियों को एक-एक कर बाहर निकाला और ह्यूमन चेन की मदद से सड़क तक पहुंचाया। घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामगढ़ भेजा गया। इनमें गंभीर रूप से घायल यात्रियों को हल्द्वानी के हायर सेंटर रेफर किया गया। सीओ भवाली रविकांत सेमवाल के अनुसार, हादसे के बाद 20 यात्रियों को घायल अवस्था में बाहर निकालकर सीएचसी रामगढ़ पहुंचाया गया। इनमें से छह गंभीर घायलों को हल्द्वानी रेफर किया गया है।
उन्होंने बताया कि एक यात्री वाहन के नीचे दबा हुआ था। उसे निकालने के लिए कटर की मदद से वाहन को काटकर रेस्क्यू किया जा रहा है।
हादसे में मृतक
सुमित पाल सिंह (24 वर्ष), निवासी फरीदाबाद
एक अज्ञात यात्री
घायलों में शामिल
मनीष कुमार (25), नंदिनी (22), तुषार कुमार (21), लक्ष्मी (27), मयंक (17), प्रदीप कुमार (26), रितिका (23), हर्ष वर्मा (26), पायल (22), आनंद (27), अजय (25), अंजलि (22), मिस्टी (10 माह) और वाहन चालक यश कुमार (27) घायल हुए हैं।
छह यात्री सुरक्षित निकाले गए
धर्मेंद्र (24), डॉली (25), अंजलि (23), धीरज (25), अंकित (26) और सोनिया (23) को सुरक्षित बाहर निकाला गया है।
फिलहाल पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर रेस्क्यू अभियान में जुटी हैं। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

