नैनीताल। उत्तराखंड के नैनीताल जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मुक्तेश्वर में शुक्रवार को पर्यटकों से भरी बस अनियंत्रित होकर करीब 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। बस में चालक समेत कुल 22 लोग सवार बताए जा रहे हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस, जिला प्रशासन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव अभियान शुरू किया।
जानकारी के अनुसार, बस मुक्तेश्वर घूमने के बाद भवाली की ओर लौट रही थी। इसी दौरान मुक्तेश्वर के पास सतबुंगा नामक स्थान पर बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरी।
बस पर्यटकों से भरी होने के कारण हादसे की गंभीरता को देखते हुए रेस्क्यू टीमों ने तत्काल अभियान शुरू किया। टीमों ने खाई में उतरकर यात्रियों को एक-एक कर बाहर निकालना शुरू किया।
रेस्क्यू टीमों ने अब तक 21 यात्रियों को बस से बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाया। घायलों को एंबुलेंस की मदद से भवाली और नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।
इसी दौरान एक यात्री के बस के नीचे दबे होने की जानकारी मिली। इसके बाद रेस्क्यू टीमों ने अभियान और तेज कर दिया। करीब 50 मीटर गहरी खाई में फंसे यात्रियों को सुरक्षित सड़क तक पहुंचाने के लिए जवानों और स्थानीय लोगों ने ह्यूमन चेन बनाई।
हादसे की सूचना के बाद भवाली के सीओ रविकांत सेमवाल भी मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य की निगरानी की। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय लोग लगातार रेस्क्यू अभियान में जुटे रहे।
बताया जा रहा है कि बस में सवार सभी यात्री फरीदाबाद के रहने वाले हैं। ये लोग बस संख्या UP-14-QT-9690 से मुक्तेश्वर घूमने आए थे और वापस भवाली की ओर लौट रहे थे।
फिलहाल रेस्क्यू अभियान जारी है और हादसे में घायलों की स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है।


