नैनीताल: जानकारी के मुताबिक मल्लीताल निवासी टैक्सी चालक पुष्कर आर्या अपनी काले रंग की एवेंजर बाइक संख्या UK04TB 6551 के साथ एसबीआई बैंक के पास खड़े थे। इसी दौरान एक युवक उनके पास पहुंचा और खुद को पर्यटक बताते हुए नैनीताल घूमाने की बात कही। युवक ने बाइक बुक की, जिसके बाद चालक उसे शहर के अलग-अलग पर्यटन स्थलों पर लेकर गया।
घूमने के दौरान आरोपी युवक ने बाइक चलाने की इच्छा जताई। भरोसा दिलाने के लिए उसने अपना मोबाइल फोन और चाबी चालक के पास छोड़ दी। इतना ही नहीं, उसने रास्ते में चालक से 500 रुपये भी ले लिए। कुछ देर बाद युवक ने कहा कि वह बाइक थोड़ी दूर तक चलाकर तुरंत वापस आ जाएगा।
लेकिन युवक बाइक लेकर वहां से निकला और फिर वापस नहीं लौटा। काफी देर इंतजार करने के बाद चालक को अपने साथ ठगी होने का एहसास हुआ। इसके बाद वह सीधे मल्लीताल कोतवाली पहुंचा और पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी।
चालक ने पुलिस को आरोपी द्वारा छोड़ा गया मोबाइल फोन और चाबी सौंपते हुए बाइक बरामद करने की मांग की है। पीड़ित के अनुसार, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में युवक दोपहर करीब 3:25 बजे बारा पत्थर क्षेत्र से कालाढूंगी रोड की ओर बाइक ले जाते हुए दिखाई दिया है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है। पर्यटन सीजन के दौरान इस तरह की घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने स्थानीय लोगों और वाहन चालकों से सतर्क रहने की अपील की है।
