नैनीताल/ देहरादून: पुष्कर सिंह धामी आज नैनीताल दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के साथ शाम को हल्द्वानी में आयोजित जागरण उत्सव 2026 कवि सम्मेलन में भी शामिल होंगे।
जिला अधिकारी कार्यालय की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री 24 मई 2026 को दोपहर 12:50 बजे आईजीएल हेलीपैड काशीपुर से हेलीकॉप्टर द्वारा रवाना होंगे और दोपहर 1 बजे डिग्री कॉलेज मैदान रामनगर पहुंचेंगे।
रामनगर पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री कार से ग्राम शंकरपुर के लिए रवाना होंगे और दोपहर 1:20 बजे वहां पहुंचकर विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वे दोपहर 1:40 बजे वापस रवाना होकर 1:50 बजे फिर डिग्री कॉलेज मैदान रामनगर पहुंचेंगे।
इसके बाद मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से गौलापार हेलीपैड के लिए प्रस्थान करेंगे और दोपहर 2:15 बजे वहां पहुंचेंगे। गौलापार पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री काठगोदाम स्थित सर्किट हाउस में शासकीय कार्यों का संपादन करेंगे।
शाम 7 बजे से 8 बजे तक मुख्यमंत्री हल्द्वानी के रामपुर रोड स्थित विंटेज गार्डन में आयोजित जागरण उत्सव 2026 कवि सम्मेलन में प्रतिभाग करेंगे।
