traffic light
भवाली: मां नंदा देवी महोत्सव के कदली वृक्ष स्थापना दिवस 16 सितंबर और डोला विसर्जन/झांकी 23 सितंबर को भवाली में श्रद्धालुओं की भीड़ और वाहनों के दबाव को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने ट्रैफिक डायवर्जन प्लान जारी किया है। दोनों दिनों में भवाली बाजार क्षेत्र में भारी और यात्री वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। स्थानीय और अधिकृत वाहनों को जरूरत के अनुसार नियंत्रित तरीके से प्रवेश दिया जाएगा।
रामगढ़ और घोड़ाखाल की ओर से मैदानी क्षेत्रों या नैनीताल जाने वाले वाहनों को जरूरत पड़ने पर श्यामखेत से डायवर्ट किया जाएगा। वाहन घोड़ाखाल मंदिर, घोड़ाखाल तिराहा और नैनी बैंड प्रथम होते हुए आगे भेजे जाएंगे।
खैरना और कैंची की ओर से आने वाले वाहन
खैरना और कैंची की ओर से मैदानी क्षेत्रों या नैनीताल जाने वाले वाहनों को शिप्रा पुल भवाली से सैनेटोरियम बाईपास मोटर मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा। मुक्तेश्वर और भीमताल जाने वाले वाहनों को यातायात की स्थिति के अनुसार नैनी बैंड द्वितीय से नैनी बैंड प्रथम की ओर संचालित किया जाएगा।
नैनीताल और ज्योलीकोट से आने वाले वाहन
नैनीताल और ज्योलीकोट की ओर से अल्मोड़ा, रानीखेत जाने वाले वाहनों को नैनी बैंड द्वितीय से सैनेटोरियम बाईपास होते हुए शिप्रा पुल भवाली की ओर भेजा जाएगा। मुक्तेश्वर और भीमताल जाने वाले वाहनों के लिए भी यातायात की स्थिति के अनुसार नैनी बैंड द्वितीय-नैनी बैंड प्रथम मार्ग का इस्तेमाल कराया जाएगा।
भीमताल की ओर से आने वाले वाहन
भीमताल से अल्मोड़ा, रानीखेत या कैंची धाम की ओर जाने वाले वाहनों को नैनी बैंड प्रथम से सैनेटोरियम बाईपास होते हुए शिप्रा पुल भवाली की ओर भेजा जाएगा। इसके बाद निर्धारित डायवर्जन मार्ग से वाहनों को उनके गंतव्य की ओर रवाना किया जाएगा।
एम्बुलेंस और आपातकालीन वाहनों को मिलेगी प्राथमिकता
डायवर्जन के दौरान एम्बुलेंस, अग्निशमन वाहन, पुलिस वाहन, आपदा राहत-बचाव दल और जरूरी खाद्य सामग्री व दूध लेकर जाने वाले वाहनों के लिए सुरक्षित और निर्बाध कॉरिडोर उपलब्ध कराया जाएगा। आपात स्थिति में पुलिस और यातायात कर्मी ऐसे वाहनों को प्राथमिकता के आधार पर रास्ता उपलब्ध कराएंगे।
यहां पार्क करें वाहन
पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करने की अपील की है। वाहनों को नगरपालिका मैदान भवाली और रोडवेज पार्किंग भवाली में पार्क किया जा सकेगा। मुख्य बाजार और आयोजन स्थल के आसपास सड़क किनारे पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। भीड़ बढ़ने पर यातायात को जरूरत के अनुसार कुछ समय के लिए रोका या डायवर्ट भी किया जा सकता है।
16 और 23 सितंबर को लागू रहेगा प्लान
नैनीताल पुलिस के अनुसार यह डायवर्जन व्यवस्था 16 सितंबर और 23 सितंबर 2026 को कार्यक्रम और भीड़ की स्थिति के अनुसार लागू रहेगी। वास्तविक यातायात स्थिति को देखते हुए इसमें जरूरत के अनुसार बदलाव या अतिरिक्त डायवर्जन भी किया जा सकता है।
पुलिस ने श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से अपील की है कि वे डायवर्जन प्लान का पालन करें और अनावश्यक रूप से भवाली बाजार क्षेत्र में वाहन लेकर प्रवेश न करें।

