देहरादून: राजधानी देहरादून के रायपुर क्षेत्र में मंगलवार को दिनदहाड़े ट्रिपल मर्डर की सनसनीखेज वारदात से हड़कंप मच गया। विष्णु लोक कॉलोनी में घर में प्लंबिंग का काम करने आए युवक ने मजदूरी को लेकर हुए विवाद के बाद आर्डिनेंस फैक्ट्री से सेवानिवृत्त बुजुर्ग दंपती और उनके पड़ोस में काम करने वाली महिला घरेलू सहायिका पर हमला कर दिया। हमले में तीनों की मौत हो गई।
घटना मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। घर के भीतर रमेश कपूर (80), उनकी पत्नी रजनी कपूर (75) और महिला घरेलू सहायिका तिलया देवी उर्फ शीला (48) लहूलुहान हालत में मिले। स्थानीय लोग तीनों को निजी वाहनों से कोरोनेशन अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी करीब दो साल से बुजुर्ग दंपती के घर प्लंबिंग का काम करने आता था। मंगलवार को उसने करीब दो घंटे काम किया। इसके बाद वह पूरे दिन की 600 रुपये मजदूरी मांगने लगा।
वहीं, बुजुर्ग दंपती आधे दिन के काम के हिसाब से 300 रुपये देने को तैयार थे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। विवाद के बाद आरोपी घर से चला गया।
आरोप है कि कुछ देर बाद वह दोबारा बुजुर्ग दंपती के घर पहुंचा। उसने पहले रजनी कपूर के गले से चेन छीनी और इसके बाद दंपती पर पेचकस से हमला कर दिया।
घर से चीख-पुकार सुनकर पड़ोस में काम करने वाली शीला बीच-बचाव करने पहुंची। आरोप है कि आरोपी ने उस पर भी पेचकस से कई वार कर दिए।
हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
वारदात के बाद आरोपी बुजुर्ग महिला की चेन लेकर मौके से भागने लगा। पड़ोसियों ने उसे देख लिया और पीछा कर उसे पकड़ लिया। पुलिस के पहुंचने तक स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़ रखा था।
एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल के अनुसार आरोपी की पहचान राजकुमार निवासी इंद्रेश नगर, सहारनपुर चौक, देहरादून के रूप में हुई है। वह मूल रूप से बांदा, थाना किरतपुर, जिला बिजनौर, उत्तर प्रदेश का रहने वाला बताया गया है। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार रमेश कपूर आर्डिनेंस फैक्ट्री से सेवानिवृत्त अधिकारी थे, जबकि उनकी पत्नी रजनी कपूर आर्डिनेंस फैक्ट्री इंटर कॉलेज से प्रवक्ता के पद से सेवानिवृत्त हुई थीं।
दंपती के दो बेटे हैं। इनमें एक पुणे और दूसरा दिल्ली में रहता है। घटना की जानकारी मिलने के बाद दोनों देहरादून के लिए रवाना हो गए हैं।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस वारदात से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।



