देहरादून: उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में अगले कुछ दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम में बदलाव के चलते पहाड़ी और मैदानी इलाकों में बारिश होने की संभावना है। वहीं, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का दौर भी शुरू हो गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, देहरादून समेत उत्तराखंड के कई पर्वतीय जिलों में 9 अक्टूबर तक येलो अलर्ट जारी रखा गया है। 7 अक्टूबर को कुमाऊं और गढ़वाल दोनों मंडलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मौसम में बदलाव का असर प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में भी दिखाई दे रहा है। 4200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का दौर शुरू होने की बात कही गई है। केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री की ऊंची चोटियों पर सीजन की पहली बड़ी बर्फबारी होने से आने वाले दिनों में ठंड बढ़ने के आसार हैं।
बारिश और बर्फबारी के चलते पर्वतीय इलाकों में तापमान में गिरावट आने की संभावना है। इसका असर धीरे-धीरे मैदानी क्षेत्रों में भी देखने को मिल सकता है।
मौसम को देखते हुए चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं से विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है। पर्वतीय मार्गों पर तेज बारिश और बिजली चमकने के दौरान भूस्खलन और चट्टानें गिरने का खतरा बढ़ सकता है।
यात्रियों को मौसम की स्थिति का अपडेट लेते हुए ही यात्रा करने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रुकने की सलाह दी गई है।
इससे पहले मंगलवार को देहरादून में तेज बारिश हुई। बारिश के साथ चली तेज हवाओं के कारण शहर के कुछ हिस्सों में पेड़ों की शाखाएं गिरने और बिजली के तार टूटने की छिटपुट घटनाएं भी सामने आईं। संबंधित विभागों की ओर से इन्हें दुरुस्त करने का काम किया जा रहा है।
बारिश के बाद देहरादून समेत प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम में ठंडक महसूस की जा रही है।
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार, मौसम में यह बदलाव मानसूनी सिस्टम के कारण नहीं है। उत्तराखंड से मानसून की आधिकारिक विदाई पहले ही हो चुकी है।
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) का असर उत्तराखंड के पर्वतीय और मैदानी इलाकों में देखने को मिल रहा है। विभाग ने अक्टूबर के पहले सप्ताह में मौसम में बदलाव की संभावना पहले ही जताई थी।
फिलहाल मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।



