14 साल की बच्ची से दुष्कर्म के आरोप पर बवाल, आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क पर उतरे लोग.
देहरादून: नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित लक्खी बाग इलाके में एक 14 वर्षीय नाबालिग बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म की घटना सामने आने के बाद माहौल पूरी तरह गर्मा गया। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग तेज हो गई। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया और क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई।
बताया जा रहा है कि सहारनपुर चौक के पास स्थित एक मोहल्ले में रहने वाला परिवार किराए के मकान में रहता है। आरोप है कि परिवार की नाबालिग बेटी बीती रात घर की दूसरी मंजिल पर बने शौचालय में गई थी। इसी दौरान मकान मालिक के भांजे ने उसे कथित रूप से शौचालय के भीतर खींच लिया और उसके साथ दुष्कर्म किया।
परिजनों के अनुसार जब बच्ची काफी देर तक वापस नीचे नहीं लौटी तो उसकी मां को चिंता हुई। इसके बाद वह ऊपर पहुंची और बेटी को तलाशने लगी। मां के वहां पहुंचने पर बच्ची ने रोते हुए अपने साथ हुई पूरी घटना की जानकारी दी। घटना का पता चलते ही परिवार के लोगों में हड़कंप मच गया और पुलिस को सूचना दी गई।
मामले की जानकारी आसपास के लोगों तक पहुंची तो इलाके में भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों में घटना को लेकर गहरा आक्रोश देखने को मिला। आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई और तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर विरोध शुरू हो गया। कुछ लोगों ने आरोपी के घर के बाहर पहुंचकर भी अपना विरोध जताया।
घटना के बाद विरोध प्रदर्शन का दायरा बढ़ता चला गया। कई लोग नगर कोतवाली पहुंचे और पुलिस प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग करने लगे। इस दौरान कोतवाली परिसर में काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए और मामले में कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
विरोध के दौरान पलटन बाजार क्षेत्र में भी हलचल देखने को मिली। प्रदर्शनकारियों ने बाजार में पहुंचकर अपना आक्रोश जताया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच बहस की स्थिति भी बनी रही। क्षेत्र में बढ़ते तनाव को देखते हुए पुलिस बल को अतिरिक्त सतर्कता बरतनी पड़ी।
घटना को लेकर पुलिस प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। अधिकारियों का कहना है कि पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की तलाश के लिए टीमें सक्रिय कर दी गई हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
सीओ सिटी स्वप्निल मुयाल ने बताया कि महिला की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत मामले का संज्ञान लिया। शिकायत में बताया गया है कि उनकी नाबालिग बेटी देर रात शौचालय गई थी, जहां उसके साथ कथित रूप से दुष्कर्म की घटना हुई। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
