ज्रपात से दो मंजिला मकान लगी आग
चंपावत: मौसम विभाग के अलर्ट के बीच चंपावत जिले से आकाशीय बिजली गिरने की बड़ी घटना सामने आई है। गड़कोट क्षेत्र के सेला डाबरी में वज्रपात होने से एक दो मंजिला कच्चे मकान और उससे जुड़ी गौशाला में भीषण आग लग गई। हादसे में एक बछिया की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक महिला बेहोश हो गई।
जानकारी के अनुसार आकाशीय बिजली गिरने के बाद गौशाला में अचानक आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि वहां बंधी एक बछिया गंभीर रूप से झुलस गई और उसकी मौत हो गई। हालांकि ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए एक अन्य गौवंश को सुरक्षित बचा लिया।
बताया जा रहा है कि घटना के समय मकान स्वामी डूंगर देव की पत्नी गौशाला में मौजूद थी। अचानक हुए वज्रपात से वह बेहोश हो गई। ग्रामीणों ने तुरंत उसकी मदद की और स्थिति को संभालने का प्रयास किया।
स्थानीय लोगों के अनुसार यह दो मंजिला पुराना भवन था, जिसमें देवदार और साल की लकड़ी के साथ बड़ी मात्रा में घास भी रखी गई थी। इसी कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया।
घटना की सूचना मिलने के बाद जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर राजस्व विभाग और पशुपालन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है।
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार बृजमोहन आर्या, राजस्व विभाग के अधिकारी और पशु चिकित्सा विभाग की टीम भी मौजूद रही। प्रशासन द्वारा विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए प्रभावित परिवार के प्रति संवेदना जताई है। उन्होंने अधिकारियों को शीघ्र नुकसान आकलन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं ताकि शासन के नियमानुसार पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और मुआवजा उपलब्ध कराया जा सके।
