देहरादून: उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर तेजी से बदलता नजर आ रहा है। रविवार को प्रदेश के पहाड़ी और मैदानी दोनों हिस्सों में मौसम का असर देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने कई जिलों में बारिश, तेज हवाओं और बिजली गिरने की संभावना जताते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। खासकर 4000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के भी संकेत हैं, जिससे पहाड़ों में ठंड बढ़ने की संभावना है।
आज के लिए इन पर्वतीय जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि इन इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश और मौसम अचानक खराब हो सकता है। इसके अलावा पूरे प्रदेश में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
आने वाले दिनों को लेकर भी मौसम विभाग सतर्क है। 4 और 5 मई के लिए देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत और उधम सिंह नगर जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने की घटनाएं बढ़ सकती हैं।
मौसम में इस बदलाव का असर तापमान पर भी पड़ा है। देहरादून और अन्य मैदानी क्षेत्रों में शाम के समय आई बारिश और तेज हवाओं के चलते गर्मी से राहत मिली है, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में एक बार फिर ठंड का असर बढ़ गया है।
ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग भी सक्रिय हो गया है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जिलों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने, ट्रैकिंग गतिविधियों पर नजर रखने और राहत-बचाव टीमों को तैयार रखने को कहा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।
