उत्तराखंड : रामनगर से बड़ी खबर सामने आई है, जहां उत्तराखंड बोर्ड परीक्षाओं की कॉपियों का मूल्यांकन कार्य पूरी तरह समाप्त हो चुका है। अब शिक्षा विभाग रिजल्ट जारी करने की तैयारियों में जुट गया है, जिससे लाखों छात्र-छात्राओं का इंतजार जल्द खत्म होने वाला है।
उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद के सचिव विनोद प्रसाद सिमल्टी के अनुसार, राज्यभर के 29 मूल्यांकन केंद्रों में 27 मार्च से शुरू हुआ कॉपी जांच का काम शुक्रवार को पूरा कर लिया गया। इसके बाद अब उत्तर पुस्तिकाओं से जुड़े डाटा की पंचिंग का कार्य तेजी से किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि डाटा फीडिंग पूरी होने के बाद अंकों का मिलान और सत्यापन किया जाएगा, ताकि परिणाम में किसी प्रकार की त्रुटि न रहे। बोर्ड की कोशिश है कि अप्रैल के अंतिम सप्ताह तक हाईस्कूल और इंटरमीडिएट का रिजल्ट घोषित कर दिया जाए।
गौरतलब है कि इस वर्ष बोर्ड परीक्षाएं 21 फरवरी से शुरू होकर 20 मार्च तक चली थीं, जिसमें प्रदेशभर से हजारों विद्यार्थियों ने भाग लिया। अब सभी की नजरें रिजल्ट की तारीख पर टिकी हैं।
परिणाम जारी होने के बाद छात्र-छात्राएं अपने रोल नंबर के जरिए आधिकारिक वेबसाइट ubse.uk.gov.in पर जाकर आसानी से अपना रिजल्ट देख सकेंगे।
पिछले साल 19 अप्रैल को परिणाम घोषित किया गया था, जिसमें 10वीं का पास प्रतिशत 90.77% और 12वीं का 83.23% रहा था। इस बार भी छात्रों और अभिभावकों को बेहतर परिणाम की उम्मीद है।
