नैनीताल : बल्दियाखान क्षेत्र में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों ने एक विशालकाय अजगर को कांकड़ का शिकार करते हुए देख लिया। करीब 12 फीट लंबे अजगर की मौजूदगी से इलाके में दहशत फैल गई और लोग घरों से बाहर निकल आए। घटना आवासीय क्षेत्र के पास होने के कारण ग्रामीणों में डर का माहौल बना हुआ है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अजगर जंगल से निकलकर आबादी के नजदीक पहुंच गया था, जहां उसने एक कांकड़ को दबोच लिया। देखते ही देखते अजगर ने पूरे शिकार को निगलना शुरू कर दिया। यह नजारा देखकर आसपास मौजूद लोग सहम गए। कुछ ग्रामीणों ने मोबाइल से तस्वीरें और वीडियो भी रिकॉर्ड किए, जो बाद में तेजी से इलाके में फैल गए।
…
…..
घटना की सूचना तुरंत वन विभाग को दी गई। जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया। हालांकि तब तक अजगर शिकार निगल चुका था और झाड़ियों की ओर बढ़ गया।
वन क्षेत्राधिकारी नितिन पंत ने बताया कि अजगर फिलहाल आवासीय इलाके से करीब 500 मीटर दूर है और विभाग की टीम लगातार उसकी निगरानी कर रही है। उन्होंने कहा कि लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे अजगर के करीब जाने या उसे परेशान करने की कोशिश न करें। विभाग का कहना है कि अजगर को सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर मोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि इंसानों और वन्यजीव दोनों की सुरक्षा बनी रहे।
