चमोली (उत्तराखंड): उत्तराखंड के बदरीनाथ धाम के पास कंचनगंगा क्षेत्र में ग्लेशियर टूटने की घटना सामने आई है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें ऊंचाई वाले पहाड़ी हिस्से से भारी मात्रा में बर्फ तेजी से नीचे आती दिखाई दे रही है। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।
बताया जा रहा है कि कंचनगंगा क्षेत्र में अचानक ग्लेशियर का हिस्सा टूटकर नीचे की ओर खिसकने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि पहाड़ की ऊंचाई से बर्फ का बड़ा हिस्सा टूटकर नीचे की तरफ बढ़ रहा है। हिमालयी क्षेत्रों में तापमान में लगातार बदलाव और तेज धूप के कारण ग्लेशियरों में दरारें पड़ने की घटनाएं बढ़ जाती हैं, जिसके चलते इस तरह की स्थिति बनती है।
घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस विभाग ने इलाके पर नजर बनाए रखी है। प्रशासन का कहना है कि फिलहाल किसी प्रकार के नुकसान की सूचना नहीं है, लेकिन संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है।
सुरजीत सिंह पंवार ने बताया कि कंचनगंगा क्षेत्र में ग्लेशियर टूटने की सूचना मिली थी, लेकिन किसी प्रकार की क्षति नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि हर साल गर्मियों के दौरान ग्लेशियरों का हिस्सा धीरे-धीरे खिसकता रहता है और आगे चलकर नीचे के हिस्सों में जमा हो जाता है।
प्रशासन ने स्थानीय लोगों और यात्रियों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और ऊंचाई वाले संवेदनशील इलाकों में सतर्कता बरतें।
