देहरादून: उत्तराखंड में बढ़ती गर्मी को देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) ने सभी जिलों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश जारी किए हैं। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद प्रशासन को अगले दो दिनों तक विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। मैदानी इलाकों में हीट वेव जैसे हालात बनने की आशंका जताई गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के पूर्वानुमान के अनुसार 27 मई तक प्रदेश के कई जिलों में तेज गर्मी और लू का असर देखने को मिल सकता है। खासतौर पर हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर, देहरादून, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत के कुछ क्षेत्रों में गर्म हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
स्थिति को देखते हुए जिला आपातकालीन परिचालन केंद्रों और कंट्रोल रूम को 24 घंटे सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग को अस्पतालों में हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन से प्रभावित मरीजों के इलाज के लिए पर्याप्त दवाइयां, ORS और जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया है।
इसके साथ ही पेयजल और बिजली विभागों को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है। जिन इलाकों में पानी की समस्या है, वहां टैंकरों के जरिए सप्लाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने बाहरी कार्यों में लगे श्रमिकों के कार्य समय में बदलाव करने और दोपहर की तेज धूप से बचाव की सलाह भी दी है।
विनोद कुमार सुमन ने लोगों से अपील की है कि तेज गर्मी के दौरान अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें, अधिक पानी पिएं और शरीर में पानी की कमी न होने दें। प्रशासन ने सभी जिलों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा है।
